
रीवा, रीवा नगर निगम के वार्ड क्रमांक 04 चोरहटा में आज दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बिरला आईटीआई के सामने तेज रफ्तार कार और लोडर वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
*रांग साइड से आ रही थी कार*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रांग साइड से आ रही तेज रफ्तार कार ने लोडर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि लोडर वाहन पलट गया। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
*लोडर चालक के हाथ में गंभीर चोट*
हादसे में लोडर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि पलटने के दौरान चालक के हाथ में गंभीर चोट आई है। वहीं कार में भी टक्कर के कारण आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
*चोरहटा पुलिस मौके पर मौजूद रही*
घटना की सूचना मिलते ही चोरहटा पुलिस मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और यातायात व्यवस्था को सुचारू करवाया। पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है और कार चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में रांग साइड और तेज रफ्तार को ही हादसे की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
