
इंदौर: जिले में अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ पुलिस ने एक ही दिन में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस, चाकू और धारदार छुरा जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।पुलिस के अनुसार राऊ क्षेत्र के हाईवे बायपास सर्विस रोड पर देर रात संदिग्ध हालत में घूम रहे 22 वर्षीय सत्येन्द्र निवासी ग्राम चंदावली, जिला भिंड को रोका।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और लोहे का खटकेदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया है। वहीं तिलक नगर थाना क्षेत्र में स्वीमिंग पूल के पास फटाका मार्केट इलाके से 19 वर्षीय साहिल खान निवासी चौहान नगर पिपल्याहाना को चाकू के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू जब्त कर प्रकरण दर्ज किया। इसी तरह चंदन नगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय के पास 30 वर्षीय कडवाजी बुराले निवासी मारुति पैलेस को धारदार छुरे के साथ गिरफ्तार किया। तीनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
