जबलपुर: बरेला थाना अंतर्गत इंद्राना पिपरिया में गौर नदी के घाट पर मासूम भतीजी को कंधे पर बैठाकर नदी में नहा रहे एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हालांकि बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम इंद्राना पिपरिया निवासी राजकुमार उइके अपने छोटे भाई राजेश उइके (35) और अपनी बेटी रिया उइके के साथ गांव के पास ही स्थित गौर नदी घाट पर नहाने गए थे। नहाते समय राजेश उइके अपनी भतीजी रिया को लाड-प्यार में कंधे पर बैठाकर पानी में आगे बढऩे लगा। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
भाई ने बेटी को खींचा, आंखों के सामने ओझल हुआ भाई
सामने ही नहा रहे राजकुमार उइके ने जब भाई और बेटी को डूबते देखा, तो वह तुरंत उन्हें बचाने के लिए लपका। राजकुमार ने तत्परता दिखाते हुए अपनी बेटी रिया को तो पानी से खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन तब तक भाई राजेश उइके गहरे पानी में समा चुका था। राजकुमार ने पानी में भाई को काफी तलाशने की कोशिश की, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। हालांकि बाद में राजेश उइके का शव नदी से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है। दर्दनाक हाद से के बाद से मृतक के परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
