शिवराज ने दिलाया विश्वास : अमेरिका से ट्रेड डील में किसानों के हित सुरक्षित

ग्वालियर। आज ग्वालियर प्रवास पर आए केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला बोला। अमेरिका से ट्रेड डील को कथित किसान विरोधी बताकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शिवराज सिंह ने कांग्रेस की निन्दा की।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि यह कांग्रेस कह रही है, जो देश के लिए कुछ नहीं कर पाई है। वह सिर्फ विलाप कर रहे हैं, सच यह है कि भारत के सभी हित सुरक्षित है। किसानों के हित सुरक्षित है। यह बात एक कृषि मंत्री भी कह रहा है एक किसान भी कह रहा है, इसलिए मेरे किसान भाई निश्चिंत रहें।

शिवराज सिंह दिल्ली से विमान से ग्वालियर पहुंचे। राजमाता एयर टर्मिनल पर केन्द्रीय कृषि मंत्री का भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

चौहान ने महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर उनको नमन करते हुए कहा कि भारत माता की स्वतंत्रता के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। वह आज भी हमारी प्रेरणा है, वे देश के लिए संपूर्ण जीवन देकर गए। हम देश के लिए यही संकल्प करें और देश के लिए जीने का मतलब यही है कि हम अपनी ड्यूटी अपना कर्तव्य जो काम हमारी तरफ तय किया गया है। उसे कैसे मेहनत से करें, ईमानदारी से करें। प्रामाणिकता के साथ करें।

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने इजरायल की संसद में पहली बार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिए गए भाषण को लेकर कहा कि कई चीजे पहली बार हो रही है। पीएम मोदी के नेतृत्व में एक वैभवशाली, गौरवशाली, विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। यह हम नहीं कहते जमाना कहता है। भारत आगे बढ़ रहा है और उनका विश्वास है कि आज तेज गति से भारत आगे बढ़ रहा है। आज हम विश्व बंधु तो है ही, हम अपनी नहीं सोचते हम दुनिया की भी सोचते हैं। दुनिया को बेहतर दिशा देने में हम सक्षम होंगे।

फसल बीमा की राशि किसानों के खातों में कब तक आएगी? इस सवाल पर उन्होंने कहा कि अन्नदाताओं के चरणों में मेरा बार-बार प्रणाम। मेरे लिए किसानों की सेवा ही भगवान की पूजा है। मैं हमेशा खेतों में ही रहता हूं। हम एक के बाद एक अलग-अलग योजनाओं के क्रियान्वयन के जरिए किसानों के जीवन को बेहतर बनाने का काम कर रहे हैं। उनका जायज हक उन्हें जरूर मिलेगा।

*कूनो में नए चीतों के आने पर कहा : इससे पर्यटन बढ़ेगा*

केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कूनो नेशनल पार्क में एक बार फिर चीतों के आने पर कहा कि स्वागत है। हम हो या प्राणी सभी में एक ही चेतना होती है। चीतों का कुनवा बढ़ता जा रहा है। इससे पर्यटन बढ़ेगा और यह धरती सिर्फ हमारे लिए नहीं है, बल्कि सभी के लिए है। एएसआई की रिपोर्ट में भोजशाला के हिंदू मंदिर होने के खुलासे के सवाल पर शिवराज सिंह ने कहा कि सभी जानते हैं और पूरा मामला कोर्ट में है।

Next Post

23312 विद्यार्थियों ने दिया विज्ञान का पेपर 

Fri Feb 27 , 2026
जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित की जा रहीं बोर्ड परीक्षाओं के अंतर्गत शुक्रवार को दसवीं कक्षा में विज्ञान विषय का पेपर आयोजित हुआ। सहायक संचालक आर के बधान से मिली जानकारी के अनुसार यह परीक्षा जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मिलाकर 100 केंद्रों में आयोजित की गई। […]

You May Like