जबलपुर: आगामी जनगणना 2027 को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर निगम के तत्वावधान में प्रगणकों और फील्ड ट्रेनरों का महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह और निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के मार्गदर्शन में इस पूरी प्रक्रिया को पूर्ण किया गया है। इस बार की जनगणना में डिजिटल तकनीक और जन-भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
जनगणना का पहला चरण, जिसमें मकान सूचीकरण और मकानों की गणना शामिल है, 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। जबलपुर निगम के अंतर्गत आने वाले 16 चार्ज क्षेत्रों के प्रगणकों और पर्यवेक्षकों ने शासकीय आई.टी.आई. मढ़ाताल में गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया। फील्ड स्टाफ में कार्य को लेकर भारी उत्साह देखा गया।पहली बार आम नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर भर सकते हैं। पोर्टल 30 अप्रैल 2026 तक सक्रिय रहेगा।
नागरिक अपना पंजीकरण कर सकते हैं। यदि नागरिक स्वयं ऑनलाइन विवरण भरते हैं, तो उन्हें केवल एक रेफरेंस आईडी प्रगणक को देनी होगी, जिससे डेटा संग्रहण में सटीकता आएगी और समय की भी बचत होगी। प्रशिक्षण में अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी सागर बोरकर सहित जनगणना निदेशालय के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पोर्टल पर स्व-पंजीयन करें और इस राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपना सहयोग दें।
