सतना : विवाहिता के साथ ज्यादती, मारपीट और लाखों की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी से प्राप्त जानकारी के अनुसार विवाहिता द्वारा डेड़ महीने पहले शिकायत दर्ज कराई गई थी. जिसके अनुसार उसके पति के दोस्त धीरेंद्र पाण्डेय उर्फ धीरु का उसके घर में आना जाना था. धीरेंद्र ने पति की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए विवाहिता के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और जान से मारने की धमकी देते हुए चुप करा दिया. जिसके बाद धीरेंद्र ने महिला का बहला फुसलाकर सोने-चांदी के गहने और 15 हजार रु की नकदी के साथ ट्रांसपोर्ट नगर बुलाया.
जहां से वह उसे सागर और इंदौर ले गया. जहां पर विभिन्न होटलों में वह लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा. जिसके बाद धीरेंद्र ने छल से महिला के सारे गहने अपने पास रख लिए. यहां तक की आधार कार्ड बायोमेट्रिक के जरिए 50 हजार की अतिरिक्त राशि भी निकाल ली. इतना ही नहीं बल्कि उसने महिला के साथ मारपीट करते हुए एसपी कार्यालय सतना में झूठा आवेदन दिलवाया. महिला के गंभीर आरोपों को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरु की. इसी कड़ी में मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया.
