
देवास। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की वैशाली एवेन्यू कॉलोनी बुधवार उस समय दहल उठी जब एक किराए के मकान से 19 वर्षीय युवती लक्षिता चौधरी का शव बरामद हुआ। युवती 29 सितम्बर से लापता थी और उसी दिन सिटी कोतवाली थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती की उसी दिन हत्या कर दी गई थी।
बुधवार दोपहर शव बरामद होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम हेतु इंदौर भेजा। शव दो दिन पुराना होने से फूल चुका था।
घटना स्थल से पुलिस ने 35 वर्षीय मनोज चौहान को हिरासत में लिया है। वह मूल रूप से बरोठा (थाना पत्थरगुराड़िया) का रहने वाला है और कुछ महीने पहले वैशाली एवेन्यू में किराए से रहने आया था। सूत्रों के अनुसार, मनोज का युवती के घर आना-जाना था। शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा होना सामने आ रहा है।
परिवार और पड़ोसियों से पूछताछ
मृतका के पिता दिनेश चौधरी किसान हैं। परिवार और पड़ोसियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। कॉलोनी में चर्चा है कि मनोज और युवती के बीच नजदीकियां थीं, जिसके चलते विवाद हुआ और यह दर्दनाक वारदात सामने आई। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक कुछ भी साफ तौर पर कहना जल्दबाजी होगी।
पुलिस का बयान
सिटी कोतवाली पुलिस ने बताया कि संदिग्ध से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के वास्तविक कारण और परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
