जबलपुर: कोतवाली थाना अंतर्गत बल्देवबाग चौक के पास स्थित कार्क बार एण्ड रेस्टोरेन्ट में बीती रात पथराव के बाद हंगामा हुआ। बार के पीछे से पत्थर फेंकने की पूछताछ करने गए संचालक और उनके कर्मचारियों पर पड़ोसियों ने लोहे की रॉड और लात-घूंसों से हमला भी कर दिया। हमले में एक कर्मचारी के पैर में गंभीर चोट आई है।पुलिस के मुताबिक विजय नगर जेडीए विला निवासी प्रशांत उर्फ मोनू राय का बल्देवबाग चौक के पास कार्क बार एण्ड रेस्टोरेन्ट है।
बीती रात करीब 9:30 बजे उनके बार के पिछले हिस्से में अचानक पत्थर फेंके गए। सुरक्षा की दृष्टि से उन्होंने अपने कर्मचारी रूपेश कोरी और सुरेश जयसवाल को पीछे के घरों में पूछताछ के लिए भेजा। जब कर्मचारी पीछे रहने वाले विकास उर्फ रिंकू ग्रोवर के घर के पास पहुंचे, तो वहां रिंकू और अमित द्विवेदी ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि कर्मचारी अपनी एक्टिवा छोडक़र भाग निकले।
इसके बाद जब संचालक प्रशांत राय खुद अपने साथियों के साथ बातचीत करने पहुंचे, तो आरोपियों ने उन पर हमला बोल दिया। शिकायत के अनुसार, रिंकू ग्रोवर और अमित द्विवेदी ने संचालक को घेरकर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान रिंकू ने लोहे की रॉड से कर्मचारी रूपेश कोरी के पैर पर जोर से वार किया। शोर सुनकर रिंकू के चाचा विनोद ग्रोवर भी बाहर आ गए और तीनों ने मिलकर पीडि़तों को जमकर पीटा। जाते-जाते आरोपियों ने धमकी दी कि दोबारा घर आए तो जान से मार देंगे। पीडि़त पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी रिंकू ग्रोवर, अमित द्विवेदी और विनोद ग्रोवर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है ।
