नयी दिल्ली 17 सितंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को देश भर में जगह-जगह विशेष कार्यक्रम आयोजित किये गये।
इस मौके पर उनकी जन्मस्थली वडनगर (गुजरात) से लेकर उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक में उत्सव का वातावरण था। इस उपलक्ष्य में शाम को देश में जगह-जगह ‘आशीर्वाद दीये’ जलाये गये। देश विदेश के नेताओं ने श्री मोदी को जन्म दिन की बधाई दी। मोदी के बहुत से प्रशंसकों, शुभचिंतकों और सहयोगियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी और देश की मंगलकामना के साथ मंदिरों और धर्मस्थलों पर पूजा-प्रार्थना की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने वाराणसी के जगत प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदी में भगवान शिव की पूजा की। प्रधानमंत्री के जन्मदिन को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया। पार्टी ने आज से एक महीने तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चला रही है।
इस कार्यक्रम के तहत कई आयोजन किये जा रहे हैं। पार्टी इस दौरान दो अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा भी चला रही है। भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों की सरकारों ने भी श्री मोदी के जन्मदिन को भव्य तरीके से मनाने तथा एक महीने तक विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की है। भाजपा ने श्री मोदी के जन्मदिन के मौके पर लोगों से घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की थी।
मोदी के जन्म दिन के उपलक्ष्य में राजधानी में कर्तव्यपथ और ऐतिहासिक लाल किले पर दीयों की रौशनी की गयी। कर्तव्यपथ करीब एक लाख दीयों की रोशनी से नहाया हुआ था। दिल्ली सहित देश के विभिन्न इलाकों में रक्तदान और दिव्यांग जनों की सहायता के लिए विभिन्न प्रकार के सामान और सामग्री का वितरण किया गया। मध्य प्रदेश में सबसे बड़ा आयोजन उज्जैन में हुआ, जहां शिप्रा नदी के घाटों और महाकाल लोक में 25 लाख दीप जलाये गये।
उज्जेैन नगर में मकानों-दुकानों में लोगों ने लाखों दीपक जलाए कर श्री मोदी का जन्म दिन मनाया । उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमुना घाट पर श्री मोदी के नाम से पहली पूजा और आरती कराई। बिहार में पटना के मरीन ड्राइव पर ही ढाई से करीब तीन लाख से ज्यादा दीये जलाये गये। छत्तीसगढ़ , हरियाणा और पश्चिम बंगाल में भी जगह-जगह दीपावली जैसी रोशनी की गयी थी।
गृहमंत्री अमित शाह ने आज श्री मोदी के गृहनगर गुजरात के वडनगर और वाराणसी तक बाइक यात्रा को हरी झंंडी दिखाकर रवाना किया। भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंध (राजग) शासित राज्यों की सरकारों ने भी श्री मोदी के जन्मदिन को विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, श्री शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तथा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी सहित देश और दुनिया के तमाम नेताओं ने श्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी है।
श्रीमती मुर्मु ने श्री मोदी को शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा, ” पिछले 25 सालों में, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान आपने सुशासन के कई नए पैमाने स्थापित किए हैं और सबको साथ लेकर चलने वाले विकास को अभूतपूर्व गति और नयी दिशा दी है। सांस्कृतिक गौरव की भावना के साथ आधुनिक तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए हमारे देशवासी विरासत और विकास के बीच तालमेल को महसूस कर रहे हैं। मैं ईश्वर से आपकी अच्छी सेहत और लंबी उम्र की प्रार्थना करता हूं, ताकि आप जनसेवा और राष्ट्र-निर्माण के अपने अभियान को लगातार आगे बढ़ाते रहें।”
श्री राधाकृष्णन ने श्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामना देते हुए एक्स पर लिखा, “श्री मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। आपकी पक्की और दूर की सोचने वाले नेतृत्व में भारत दुनिया में एक चमकते हुए सितारे के तौर पर और सबसे तेज़ी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में से एक के तौर पर चमक रहा है। 25 करोड़ से ज़्यादा भारतीय बहुत ज़्यादा गरीबी से बाहर आ चुके हैं। एक बदलाव लाने वाली डिजिटल क्रांति ने लाखों लोगों को मज़बूत बनाया है, और हर क्षेत्र (अंतरिक्ष, तकनीक, और स्वास्थ्य देखभाल से लेकर अवसंरचना और विनिर्माण तक) में ज़बरदस्त ग्रोथ देखी गयी है।”
उन्होंने कहा कि पिछड़े ज़िलों को ‘आकांक्षी जिले’, बॉर्डर के गाँवों को ‘वाइब्रेंट और फर्स्ट विलेजेज़’, और पूर्वोत्तर को अष्टलक्ष्मी कहना एक आगे की सोच को दिखाता है जिसने भौगोलिक रूप से अलग-थलग पड़े लोगों को मज़बूती में बदल दिया है, जिससे विकसित भारत की हमारी यात्रा में अलग-अलग तबकों के लोगों की एक्टिव भागीदारी मुमकिन हुई है।”
रक्षा मंत्री श्री सिंह ने कहा, “श्री मोदी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखा है, जिससे प्रशासन ज़्यादा पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बन गया है। उनके नेतृत्व में, भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं महादेव से उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करता हूं।”
श्री नवीन ने कहा, “आज 17 सितंबर का दिन भगवान विश्वकर्मा की पूजा और आराधना का दिन है और सृष्टि के रचयिता के साथ-साथ यह हमारे आधुनिक भारत के निर्माता श्री मोदी जी का जन्मदिन भी है। सबसे पहले मैं देश के प्रधान सेवक को उनके जन्मदिन पर बधाई देता हूं और उनके दीर्घायु होने तथा शानदार कार्यकाल की कामना करता हूं।” उन्होंने कहा, “आज हम उनके (श्री मोदी) जन्मदिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मना रहे हैं और आज ही हमारे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत भी हो रही है। आज देशभर में भाजपा के हजारों कार्यकर्ता ‘रक्तदान महादान’ के संकल्प के साथ इस अभियान की शुरुआत कर रहे हैं और यह हम सभी का सौभाग्य है कि आज हम सभी इस ‘रक्तदान महादान’ कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।”
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “आज उनके (श्री मोदी) जन्मदिन पर जैसे समाज में बदलाव आए हैं, लोगों की सोच में परिवर्तन दिखाई दिया है और लोगों के जीवन में बदलाव आया है, उसी तरह आज सभी देशवासी मिलकर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाएंगे और प्रधानमंत्री जी के शानदार एवं दीर्घायु जीवन के लिए प्रार्थना करेंगे, ताकि आज विकास के रास्ते पर सबसे आगे बढ़ रहा भारत, विकसित भारत के रूप में आगे बढ़ते हुए वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाता रहे और श्री मोदी के नेतृत्व में 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार किया जा सके।”
इस मौके पर श्री नवीन ने पार्टी मुख्यालय में युवा मोर्चा द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान किया। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ आपकी यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की प्रेरणादायक गाथा रही है। यह यात्रा केवल किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामूहिक सपने की भी है, जिसे आपने अपने कार्यों और तपस्या से दिशा दी है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि श्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा अपनी नयी पहचान और शक्ति के साथ वैश्विक मंच पर लगातार आगे बढ़ रहा है।
श्री खरगे ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा, ”प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु का आशीर्वाद दें।” श्री गांधी ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
अमेरिकी दूतावास ने सोशल मीडिया पर लिखा, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं देते हैं। आने वाले वर्ष में आपको अच्छे स्वास्थ्य और खुशियों की शुभकामनाएं।”
सुश्री मेलोनी ने कहा, “मेरे दोस्त नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई, मैं उनके लिए सेहत, ऊर्जा और सफलता की कामना करता हूँ। इटली और भारत अपनी गहरी दोस्ती को और मज़बूत कर रहे हैं और मिलकर अपने देशों के लिए सहयोग और खुशहाली का भविष्य बना रहे हैं।”
