सिंगरौली: जिला के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत चुनैईया नदी के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब बेटे के वियोग में एक मां ने जान जोखिम में डालते हुए बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा खड़ा कर दिया। टावर पर चढ़ी महिला की पहचान 50 वर्षीय बबली साकेत, निवासी इटमा के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार महिला का बेटा तीन माह पूर्व हत्या के एक मामले में गिरफ्तार होकर जिला जेल पचौर में निरुद्ध है।
बेटे से बिछड़ने की मानसिक पीड़ा और आक्रोश में महिला ने यह खतरनाक कदम उठा लिया। घटना की सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर एकत्र हो गए, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई।महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए पुलिस द्वारा लगातार समझाइश दी जा रही है। परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और उसे शांत कर नीचे उतरने का अनुरोध कर रहे हैं। प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
इस संबंध में देवसर एसडीओपी गायत्री मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। महिला को समझाया जा रहा है कि उसके बेटे का मामला न्यायालयाधीन है और जमानत अथवा निर्णय न्यायालय की प्रक्रिया के तहत ही संभव है। फिलहाल महिला टावर पर मौजूद है और उसे सुरक्षित उतारने के प्रयास लगातार जारी हैं।उल्लेखनीय है कि जिले में हाईटेंशन टावर पर चढ़कर प्रदर्शन करने की यह तीसरी घटना बताई जा रही है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
