इंदौर: रावजी बाजार थाना क्षेत्र के चंद्रभागा इलाके में पपीता कारोबारी द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की.थाना प्रभारी उमेश यादव ने बताया कि मृतक की पहचान 50 वर्षीय मंगलेश पचौरी के रूप में हुई है, जो भाजपा नेता दीपेश पचौरी के बड़े भाई बताए जा रहे हैं. रविवार शाम उन्होंने अज्ञात जहरीला पदार्थ निगल लिया, तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें तत्काल गोकुलदास अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
वहीं जांच अधिकारी एएसआई अनार सिंह का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. मृतक चोइथराम मंडी में पपीते के व्यापार से जुड़े थे. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी.
