
पचोर। लोधीपुरा नाले में शुक्रवार को एक 65 वर्षीय महिला का शव तैरता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की. मृतका की पहचान हरकु बाई पत्नी नानूराम लोधी, उम्र 65 वर्ष, के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार हरकु बाई का मायका लोधीपुरा में ही बताया जा रहा है. उनके पति नानूराम लोधी की पहले ही मृत्यु हो चुकी है.
बताया गया है कि उनका कोई पुत्र भी नहीं है. ऐसे में महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है. नाले में शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
