
छिंदवाड़ा। गणेशोत्सव के समापन पर 26 और 27 सितंबर को गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन और विशाल प्रतिमाओं के चल समारोह के चलते शहर में यातायात का दबाव बढ़ेगा। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। दोनों दिनों में सुबह 6 बजे से भारी एवं मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित मार्गों का उपयोग करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। यातायात पुलिस के अनुसार शासकीय एवं अत्यावश्यक सेवा से जुड़े वाहनों को थाना प्रभारी यातायात, छिंदवाड़ा से पूर्व अनुमति लेकर निर्धारित मार्ग से आवागमन की सुविधा दी जाएगी। विसर्जन के लिए आने वाली गणेश प्रतिमाओं के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से आगमन और वापसी के मार्ग तय किए गए हैं, ताकि विसर्जन स्थल के आसपास यातायात सुचारू रखा जा सके।
नरसिंहपुर और सिवनी मार्ग से आने वाली प्रतिमाओं का रूट ०००००
नरसिंहपुर और सिवनी मार्ग से आने वाली गणेश प्रतिमाएं चारफाटक, तिलक मार्केट होते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचेंगी। विसर्जन के बाद वापसी का मार्ग विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लान, पवार टी हाउस (अलका टाकीज) होते हुए निर्धारित गंतव्य की ओर रहेगा। छोटी बाजार और खिखरा मोहल्ला क्षेत्र से आने वाली प्रतिमाओं के लिए पुराना पावर हाउस, दुर्गा चौक होते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। वापसी में विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लान और पवार टी हाउस होते हुए आगे जाना होगा। बस स्टैंड और लालबाग क्षेत्र से आने वाली प्रतिमाओं के लिए पाटनी पेट्रोल पंप, तिलक मार्केट होते हुए विसर्जन स्थल का मार्ग तय किया गया है। वापसी में विसर्जन स्थल से शांतिनाथ लान, पवार टी हाउस होते हुए वाहन अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
यात्री बसों के लिए भी डायवर्शन ०००००
विसर्जन के दौरान यात्री बसों के संचालन के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। नरसिंहपुर और सिवनी मार्ग की बसें खापाभाट तिराहा, पीजी कॉलेज, वीआईपी रोड, खजरी चौक और देव होटल होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। वापसी में बस स्टैंड से खजरी तिराहा, वीआईपी रोड, पीजी कॉलेज होते हुए खापाभाट की ओर जाएंगी। परासिया मार्ग की बसें सर्किट हाउस तिराहा, वीआईपी रोड, खजरी चौक और देव होटल होते हुए बस स्टैंड पहुंचेंगी। वापसी में बस स्टैंड से खजरी तिराहा, वीआईपी रोड और सर्किट हाउस तिराहा होते हुए परासिया की ओर जाएंगी। नागपुर मार्ग की बसों के लिए ईएलसी तिराहा, कलेक्ट्रेट रोड, सत्कार तिराहा, सर्किट हाउस तिराहा, वीआईपी रोड, खजरी चौक और देव होटल होते हुए बस स्टैंड का मार्ग तय किया गया है। वापसी में यही मार्ग विपरीत दिशा में रहेगा।
एंबुलेंस और फायरब्रिगेड के लिए ग्रीन कॉरिडोर
यातायात पुलिस ने आपातकालीन सेवाओं के लिए विशेष व्यवस्था की है। एंबुलेंस और फायरब्रिगेड वाहनों को मुख्य मार्ग से बिना अवरोध गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी। आवश्यकता पडऩे पर मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए तत्काल ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा।यातायात संबंधी जानकारी या आपात स्थिति में नागरिक थाना यातायात छिंदवाड़ा के मोबाइल नंबर 7987235844 और 7701044959 पर संपर्क कर सकते हैं।
