एआई से फर्जी वीडियो बनाकर कृषि विभाग के अधिकारियों और राष्ट्रीय प्रतीकों को किया बदनाम

इंदौर. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का दुरुपयोग कर कृषि विभाग के अधिकारियों और राष्ट्रीय प्रतीकों के संबंध में आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का मामला सामने आया है. नए कलेक्ट्रेट स्थित कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पंढरीनाथ थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘कृषि क्रांति’ नाम से संचालित पेज के अज्ञात संचालक के खिलाफ केस दर्ज किया है. पुलिस अब वीडियो बनाने और प्रसारित करने वाले की पहचान करने में जुटी है.

कृषि विभाग के अधिकारी संदीप कुमार यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर ‘कृषि क्रांति’ नाम से एक पेज संचालित किया जा रहा है. इस पेज पर एआई तकनीक की मदद से तैयार किए गए फर्जी और आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किए. इनमें संदीप यादव सहित अन्य शासकीय कर्मचारियों, कृषि विभाग की कार्यप्रणाली और राष्ट्रीय प्रतीकों को भ्रामक व अपमानजनक तरीके से प्रस्तुत किया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात संचालक के खिलाफ आईटी एक्ट के साथ ही अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. मामले की तकनीकी जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है. पुलिस सोशल मीडिया पेज के संचालन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य जुटाकर आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारी की शिकायत पर मामला दर्ज किया है. सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो की जांच की जा रही है. पेज संचालक की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

बिना लाइसेंस दुकानों पर बेच रहे थे पटाखे, डेढ़ लाख का माल जब्त

Wed Nov 4 , 2026
इंदौर. त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाणगंगा थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस ने नंदबाग और कुशवाहा नगर क्षेत्र में दुकानों की जांच के दौरान बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे दो दुकानदारों को पकड़ा. उनके पास से करीब डेढ़ […]

You May Like