
इंदौर. त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बाणगंगा थाना पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस ने नंदबाग और कुशवाहा नगर क्षेत्र में दुकानों की जांच के दौरान बिना लाइसेंस पटाखे बेच रहे दो दुकानदारों को पकड़ा. उनके पास से करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत के पटाखे जब्त किए हैं. दोनों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है.
पुलिस की टीम त्योहारी सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त और दुकानों की जांच कर रही थी. इसी दौरान नंदबाग और कुशवाहा नगर की दुकानों पर औचक निरीक्षण किया. जांच में दो दुकानदार बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और विक्रय करते मिले. पुलिस ने मौके से पटाखे जब्त कर दुकानदारों को पकड़ा. आरोपियों की पहचान राम यादव पिता जगदीश यादव और संदीप प्रजापति पिता विजेंद्र प्रजापति, दोनों रहने वाले नंदबाग, इंदौर के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन कर बिना लाइसेंस पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
