मिसौरी, 15 जून (वार्ता) अमेरिका के मिसौरी में स्काई डाइविंग के लिए उड़ान भरने वाला एक विमान कुछ ही देर बाद एक खेत में दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे 12 लोगों की मौत हो गई है। शेरिफ़ चैड एंडरसन के अनुसार, कैनसस सिटी से लगभग 60 मील दूर बेट्स काउंटी में बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद सुबह लगभग 11:30 बजे विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रविवार को हुई विमान दुर्घटना में सवार सभी 11 यात्रियों और पायलट की मौत हो गई। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यह विमान स्काईडाइविंग के व्यापार से जुड़ी थी और ‘स्काईडाइव कैनसस सिटी’ ने इसमें अपनी भागीदारी की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्य भी वहां मौजूद थे और उन्होंने विमान को दुर्घटनाग्रस्त होते हुए देखा।
शेरिफ़ एंडरसन ने कहा कि जांचकर्ताओं को अभी किसी गड़बड़ी का शक नहीं है और उन्होंने इस बात पर बल दिया कि विमान के उड़ान भरने और फिर नीचे गिरने के अलावा बहुत कम जानकारी है। कई एजेंसियों की आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं जिनमें अग्निशमन और कोरोनर का ऑफिस भी शामिल हैं। बाद में, जांच पूरी होने तक हवाई अड्डे को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया। एक प्रवक्ता ने सीएनएन को बताया कि जांचकर्ताओं के सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचने की उम्मीद है। संघीय विमानन प्रशासन के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान की पहचान पैसिफ़िक एयरोस्पेस पी-750 के तौर पर की गई है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिवारों को सूचित करने की कोशिशें की जा रही हैं। शेरिफ़ ने बताया कि बचाव कार्य में लगे लोग शोक-संतप्त परिवारों एवं बचाव अभियान में शामिल कर्मियों को मदद पहुंचा रहे हैं।

