
इटारसी। समीपवर्ती ग्वाड़ी गांव में शनिवार सुबह लगभग 8:45 बजे ग्रामीणों ने तवा नदी किनारे एक मृत मगरमच्छ के बच्चे को देखा और इसकी सूचना रानीपुर वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर शिवकुमार तिवारी को दी। मौके पर पहुंचकर तिवारी ने शव बरामद किया और पंचनामा कार्रवाई के लिए उसे बागदेव वन चौकी लाया गया।
पशु चिकित्सक डॉ. सौरभ सिंह, डॉ. शिल्पा चौधरी और डॉ. अंशु तुमराम ने संयुक्त रूप से पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के अनुसार मगरमच्छ की उम्र लगभग 8 से 10 महीने थी और शरीर पर किसी भी चोट के निशान नहीं मिले। प्रथम दृष्टया उसकी मौत प्राकृतिक कारणों से होना प्रतीत हो रही है। मौत के कारणों की पुष्टि के लिए सैंपल जबलपुर भेजे गए हैं। शाम को वन चौकी परिसर में मगरमच्छ का दाह संस्कार किया गया।
