
भोपाल। पमरे भोपाल मंडल के नए मंडल रेल प्रबंधक (डी.आर.एम.) के रूप में पंकज त्यागी ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया. उन्होंने यह दायित्व देवाशीष त्रिपाठी के स्थान पर संभाला. पंकज त्यागी भारतीय रेलवे के प्रतिष्ठित ‘इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ इंजीनियर्स’ के 1997 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं. कार्यभार ग्रहण करने से पूर्व वे रेलवे बोर्ड, नई दिल्ली में कार्यकारी निदेशक (भूमि एवं अनुज्ञा) के पद पर पदस्थ रहे.
त्यागी ने अपने रेलवे कैरियर की शुरुआत पूर्व रेलवे के मुगलसराय मंडल में सहायक अभियंता (निर्माण) के रूप में की थी. अपने अब तक के सेवाकाल में उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए प्रशासनिक एवं तकनीकी दक्षता का परिचय दिया है. इनमें कार्यकारी निदेशक (भूमि एवं अनुज्ञा), रेलवे बोर्ड; मुख्य परियोजना प्रबंधक, मेरठ (एनसीआरटीसी); निदेशक (सिविल इंजीनियरिंग योजना), रेलवे बोर्ड; तथा वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), फिरोजपुर (उत्तर रेलवे) जैसे पद प्रमुख हैं.
त्यागी ने सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री प्राप्त की है और उन्हें देश-विदेश में तकनीकी प्रशिक्षण का समृद्ध अनुभव है. उन्होंने सिंगापुर और मलेशिया में प्रबंधन प्रशिक्षण प्राप्त किया, साथ ही नॉर्वे और यूनाइटेड किंगडम में सुरंग निर्माण विषयक विशेष प्रशिक्षण भी लिया.
उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों में भारतीय रेलवे की भूमि नीति का सरलीकरण तथा इससे संबंधित मास्टर सर्कुलर का प्रकाशन, भारत की पहली आरआरटीएस परियोजना (दिल्ली–मेरठ) के संरेखण, योजना एवं क्रियान्वयन का नेतृत्व, तथा रेलवे बोर्ड में निदेशक के रूप में रेलवे सुरक्षा कोष की स्थापना कर ट्रैक नवीनीकरण के लंबित कार्यों का समाधान सम्मिलित हैं.
