भोपाल। आवासीय क्षेत्रों में कथित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों और निर्माण के खिलाफ शनिवार को भारत नगर, त्रिलंगा में विभिन्न आवासीय कॉलोनियों के रहवासियों ने प्रदर्शन कर मशाल जुलूस निकाला। संयुक्त रहवासी संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में रहवासियों ने नगर निगम की कार्रवाई पर सवाल उठाए।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि नगर निगम द्वारा अवैध मॉल, शोरूम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के बजाय केवल नोटिस जारी कर सर्वे की औपचारिकता की जा रही है। उन्होंने आवासीय भूमि उपयोग पर संचालित कथित अवैध संस्थानों के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए पूछा कि उनके बावजूद कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।
समिति ने मास्टर प्लान को तत्काल लागू करने तथा आवासीय कॉलोनियों में पब, बार, होटल, मॉल, शोरूम, हॉस्टल और शराब दुकानों जैसी व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
रहवासियों ने चेतावनी दी कि न्यायालय के निर्देशों का पालन नहीं होने पर अवमानना याचिका दायर की जा सकती है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को भोपाल के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तार दिया जाएगा।
