रीवा: जिले में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ी, फरवरी के महीने में ओस कोहरे के साथ ठंड पड़ रही है.न्यूनतम तापमान 7 डिग्री में जहा स्थिर है वही 24 घंटे के अंदर दिन के अधिकतम तापमान में दो डिग्री का उछाल आया है. अन्य दिनो के अपेक्षा शनिवार को तेज धूप रही और अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री दर्ज किया गया. जबकि ठंड हवाओ के चलते गलन भरी ठंड बनी रही. जिले में इस बार नवम्बर के महीने से ही ठंड शुरू हो गई थी और अभी भी ठंड कम होने का नाम नही ले रही है.
इस समय रात में अच्छी ठंड हो रही है और सुबह ओस के साथ कोहरा रहता है. जबकि दिन में अच्छी खासी धूप रहती है. धूप के बाद भी गलन भरी ठंड कम नही हो रही है जिसके कारण दोपहर की धूप अच्छी लग रही है. जिस तरह इस समय का मौसम है वह फसलो के लिये बेहद लाभदायक है. दलहन और तिलहन फसल में फूल के साथ दाने लग रहे है जबकि गेंहू की फसल अभी पीछे है. कई जगह गेंहू में बाली आ चुकी है लेकिन जिले के कुछ हिस्सो में जनवरी तक बोनी हुई है जिसके कारण गेंहू की फसल लेट है.
किसानो का मानना है कि जिस तरह से अभी मौसम है वह गेंहू के लिये बेहद लाभदायक है और अभी इस माह इसी तरह ठंड पड़ेगी. जिस तरह से इस बार ठंड का असर है उससे लग रहा है कि होली तक ठंड का असर कम नही होगा. इस बार ठंड के मौसम में झमाझम बारिश नही हुई नही तो हर वर्ष ठंड के समय बारिश होती थी. हालाकि बूंदाबांदी हुई थी जिससे कोई खास फायदा नही हुआ. इसस पहले भी 2016 में इसी तरह कड़ाके की ठंड पड़ी थी और फरवरी के महीने में तापमान 5 से 7 डिग्री के बीच में था. ठीक 8 साल बाद उसी तरह की ठंड इस बार भी पड़ रही है. एक सप्ताह बाद दिन की ठंड से कुछ हद तक राहत मिलने की उम्मीद है.
