बेटे की मौत पर न्याय के लिए थाने के बाहर धरने पर बैठे सब-इंस्पेक्टर

छतरपुर। सड़क हादसे में बेटे की मौत के बाद न्याय की मांग को लेकर पुलिस विभाग के एक सब-इंस्पेक्टर को ही थाने के बाहर धरने पर बैठना पड़ा। मृतक के पिता मथुरा प्रसाद गौड़, जो पुलिस विभाग में सब-इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं, ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे की सड़क दुर्घटना में मौत के बावजूद अब तक संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए धरना शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम चंदुली निवासी 30 वर्षीय गजेंद्र सिंह गौड़ की 19 तारीख की देर रात सागर रोड पर हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बताया गया कि सागर रोड की ओर से आ रहे ट्रक क्रमांक UP 91 AT 3056 और एक कार की टक्कर के दौरान गजेंद्र ट्रक के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पर उनके साथ सवार वीरेंद्र (19) घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतक के पिता मथुरा प्रसाद गौड़ का आरोप है कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया, लेकिन ट्रक को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। उनका कहना है कि घटना के बाद से वे लगातार संबंधित थाने के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि एक पुलिस अधिकारी को ही अपने बेटे की मौत के मामले में न्याय के लिए धरना देना पड़ रहा है, तो आम नागरिकों को न्याय मिलने की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

धरने पर बैठे सब-इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। वहीं परिजनों ने भी निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है और घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Next Post

भोपाल डबल मर्डर: चर्च संपत्ति विवाद और सुपारी किलिंग एंगल पर जांच तेज, सुराग देने वाले को 50 हजार का इनाम

Sun Jul 5 , 2026
भोपाल। ऐशबाग इलाके में हुए चर्चित डबल मर्डर मामले में आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्यारों या साजिश से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा […]

You May Like