
इंदौर. शहर में गैंगस्टरों के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला थम नहीं रहा है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकियों के मामलों के बाद अब कुख्यात रोहित गोदारा गैंग का नाम सामने आया है. सिंगापुर टाउनशिप के एक व्यापारी को विदेशी नंबरों से कॉल कर रुपए मांगे गए. कॉल करने वाले ने खुद को गैंग का सदस्य बताते हुए मांग पूरी नहीं होने पर अपहरण और हत्या की धमकी दी. क्राइम ब्रांच ने शिकायत पर अज्ञात मोबाइल नंबरों के धारकों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
व्यापारी संजय भूरिया के पास पिछले तीन चार दिनों से दो अलग अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रहे थे, इनमें एक नंबर पुर्तगाल का था. कॉल करने वाले ने अपना नाम सागर सिंह शेखावत बताया और हरियाणा के रोहित गोदारा गैंग से जुड़ा होने का दावा किया. लगातार धमकी भरे कॉल आने से व्यापारी और उनका परिवार दहशत में आ गया. संजय ने क्राइम ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारियों को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा मांगी है. उन्होंने किसी से पुरानी रंजिश होने से इनकार किया है. रोहित गोदारा गैंग का नाम हरियाणा, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में रंगदारी, अपहरण और हत्या की वारदातों से जुड़ता रहा है. करीब तीन महीने पहले हरियाणा के दादरी में कोर्ट पेशी से लौट रहे स्कॉर्पियो सवार सात लोगों पर फायरिंग की जिम्मेदारी भी इस गैंग ने ली थी. गिरोह का नाम नवीन बॉक्सर से भी जुड़ा है, जो पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा रहा है.
