
इंदौर. शादी का दबाव बनाने के लिए एक युवक ने युवती के रिश्तेदारों को परेशान करना शुरू कर दिया. वह कभी युवती का मोबाइल नंबर मांगता तो कभी उसके चरित्र को लेकर अश्लील बातें फैलाता. हद तो तब हो गई जब उसने युवती के भाई को धमकी दी कि नंबर नहीं दिया तो एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर उसे बदनाम कर देगा. साथ ही कहीं दूसरी जगह शादी कराने पर जान से खत्म करने की धमकी भी दी. मामले में खुड़ैल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है.
सनावदिया की परम विहार कॉलोनी में रहने वाली 21 वर्षीय युवती पहले सिंधी कॉलोनी में परिवार के साथ रहती थी. वहीं भारत गारमेंट्स नामक दुकान पर काम करने वाले नवीन शर्मा उर्फ शिवा को वह पहले से जानती थी. करीब डेढ़ महीने पहले नवीन ने युवती के जीजा हेमंत गुरुबक्षानी को वाट्सएप मैसेज कर उसका नंबर मांगा, उसने युवती से शादी करने की इच्छा जताई. इसके बाद युवती की बहन और भाभी को इंस्टाग्राम पर मैसेज कर नंबर मांगने लगा. उसने नंबर दिलाने वाले को 40 से 50 हजार रुपए देने की बात भी कही. आरोपी ने रिश्तेदारों को युवती के बारे में अश्लील बातें कहकर यह प्रचारित करना शुरू कर दिया कि वह उसकी गर्लफ्रेंड है और पहले उससे बातचीत करती थी. बाद में युवती के भाई विक्की से संपर्क होने पर उसने नंबर नहीं देने और बात नहीं कराने पर एआई से अश्लील तस्वीरें बनाकर बदनाम करने की धमकी दी. साथ ही कहा कि वह युवती की शादी कहीं और नहीं होने देगा और ऐसा होने पर उसे जान से खत्म कर देगा. थाना प्रभारी कर्णीसिंह शक्तावत ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है, आरोपी द्वारा युवती और उसके परिजनों को धमकाने के मामले में जांच की जा रही है. जल्द ही आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
