खरीदी कांड : जांच के दायरे में शाजापुर भी

शाजापुर, नगरीय निकाय में व्याप्त भ्रष्टाचार और खरीदी के मामले में पिछले दिनों प्रदेश के सीएमओ की बैठक में नगरीय निकाय के अतिरिक्त चीफ सेक्रेटरी (एसीएस) ने खरीदी में भ्रष्टाचार का जो मामला उजागर किया. उसकी जांच अब शाजापुर नगरपालिका पर भी पड़ती नजर आ रही है. तत्कालीन सीएमओ मधु सक्सेना के कार्यकाल में जेम (गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस) से जमकर खरीदारी हुई है. इसी मामले में मप्र नगरीय निकाय ने शाजापुर नगर पालिका से भी जेम की खरीदारी की जानकारी मांगी है.

गौरतलब है कि शाजापुर नगर पालिका और जिले के कई ग्राम पंचायतों में जेम याने कि गवर्नमेंट ई मार्केट प्लेस से खरीदी गई सामग्री को लेकर भोपाल स्तर पर जांच शुरू हो गई है. शाजापुर नगरपालिका के तत्कालीन सीएमओ मधु सक्सेना सहित अन्य सीएमओ के कार्यकाल में की गई खरीदी की जानकारी भोपाल मंगाई गई है. अब देखना यह है कि शाजापुर नगर पालिका में जेम से की गई खरीदी में कितना भ्रष्टाचार और कितना घोटाला हुआ है. हालांकि जिले में शुजालपुर नगर पालिका और अन्य नगर पंचायत में भी इसी प्रकार की जानकारी मांगी जा रही है. शाजापुर में इलेक्ट्रिक वाहन प्रति वाहन 6 लाख के मान से जैम से खरीदे गए थे. इसके अलावा अन्य सामग्री भी गवर्नमेंट ई मार्केटप्लेस से क्रय की गई.

नगर पालिका परिषद में शौकत भाई का दबदबा…

परिषद किसी की भी हो, अध्यक्ष कोई भी हो, नगर पालिका में लगने वाले गेट, लोहे जाली, अन्य फेब्रिकेशन कार्य शौकत हो ही मिलते हैं. अभी हाल ही में महूपुरा के पुल पर जो जाली लगी थी, जिसको हटाने के लिए अध्यक्ष और सीएमओ के बीच विवाद की स्थिति बनी थी. उसके भुगतान की फाइल लगभग 1 लाख रुपए की बनाकर लेखा शाखा में पेश की गई थी. जबकि यह जाली नगर पालिका कर्मचारी द्वारा हटाई गई थी. इसी प्रकार टैंकर की रिपेयरिंग में भी फर्जी बिल पेश किए गए हैं. हालांकि मामला चर्चा में आने के बाद अभी इसके भुगतान को रोक दिया गया है, लेकिन आने वाले समय में इसका भी भुगतान अन्य भुगतान की तरह किया जाएगा.

6 इलेक्ट्रिक गाडिय़ा, 1 गाड़ी 6 लाख की…

शाजापुर नगरपालिका में तत्कालीन सीएमओ के कार्यकाल में जैम के माध्यम से 6 इलेक्ट्रिक कचरा गाडिय़ां खरीदी गई थी. एक गाड़ी की कीमत 6 लाख का भुगतान किया गया है. जबकि गाड़ी की कीमत का बाजार भाव देखें, तो 1 गाड़ी 3 से 4 लाख से ज्यादा की नहीं है. प्रदेश के नगरीय निकायों में जो घोटाला हुआ है, उसमें सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार कचरा गाड़ी और लाइट के मामले में हुआ है. अब देखना है कि शाजापुर की 6 इलेक्ट्रिक गाडिय़ों की खरीदी की जांच में क्या निकलकर आता है.

इनका कहना…

शासन स्तर से खरीदी की जानकारी मांगी गई है. पत्र देखकर ही बता सकते हैं कि किसके कार्यकाल की और क्या जानकारी चाही गई है.

– भूपेंद्र कुमार दीक्षित, सीएमओ, नगरपालिका, शाजापुर

Next Post

विधिक सेवा सप्ताह में निकाली गई पांच किलोमीटर की मैराथन

Sun Nov 15 , 2026
जबलपुर, न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की गई। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश और प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कृष्णमूर्ति मिश्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस दौड़ […]

You May Like