विधिक सेवा सप्ताह में निकाली गई पांच किलोमीटर की मैराथन

जबलपुर, न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह 2026 के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की गई। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश और प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष कृष्णमूर्ति मिश्र के मार्गदर्शन में आयोजित इस दौड़ को विशेष न्यायाधीश सुनील कुमार ने शासकीय मॉडल साइंस कॉलेज मैदान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मैराथन में न्यायिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं और पैरा लीगल वालंटियर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कॉलेज परिसर में समाप्त हुई।

विधिक जागरूकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

विशेष न्यायाधीश सुनील कुमार ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य केवल कानून के प्रति जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि समाज में सामूहिक सहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व और नागरिकों को विधिक रूप से सशक्त बनाने का संदेश देना भी है। न्याय तक सभी की समान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक नागरिक का अपने कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शरद कुमार लटौरिया ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्राधिकरण की गतिविधियों और विधिक सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

प्रमाणपत्र और पुरस्कार देकर किया सम्मानित

मैराथन में ध्रुव यादव ने प्रथम, चिराग झरिया ने द्वितीय और शांतनु यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विशेष न्यायाधीश सुनील कुमार ने विजेताओं को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अधिकारियों ने प्रतिभागियों के उत्साह, अनुशासन और सामाजिक जागरूकता की सराहना की। आयोजन को सफल बनाने में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Next Post

25 फीट ऊंचाई से गिरे 2 मजदूर 

Sun Nov 15 , 2026
उज्जैन। निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज बिल्डिंग की पुताई का काम कर रहे 2 मजदूर रविवार सुबह क्रेन से नीचे गिर गए 25 फीट ऊंचाई से गिरने पर दोनों घायल हुए हैं। चरक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आगर रोड पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण […]

You May Like