भोपाल। ऐशबाग इलाके में हुए चर्चित डबल मर्डर मामले में आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्यारों या साजिश से जुड़ी पुख्ता जानकारी देने वाले के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। साथ ही, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा भी दिया गया है।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक दंपती हेमंत बारीक और शकुंतला बारीक के घर से चर्च की विवादित संपत्ति से जुड़े कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं। इसके बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया है। पुलिस अब संपत्ति विवाद के साथ-साथ सुपारी किलिंग की आशंका को भी गंभीरता से जांच रही है। इसके अलावा दंपती के पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि 26 जून की रात दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। चार दिन बाद घर से दुर्गंध आने पर किरायेदारों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों के शव बरामद किए थे। घटनास्थल से खाली कारतूस मिले थे और दोनों के सिर पर गोली लगने के निशान पाए गए थे।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज, संदिग्धों की गतिविधियों, मोबाइल कॉल डिटेल, संपत्ति विवाद और अन्य सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। आठ दिन बाद भी हत्यारों का कोई ठोस सुराग नहीं मिलने से यह मामला भोपाल पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
