सोने का आयात बिल अप्रैल में 82 प्रतिशत बढ़ा, पेट्रोलियम का 10 प्रतिशत घटा

नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) वित्त वर्ष 2026-27 के पहले महीने अप्रैल में सोने के आयात का देश का खर्च 82 प्रतिशत बढ़ गया जबकि पेट्रोलियम आयात में 10 प्रतिशत की कमी देखी गयी।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के शुक्रवार को जारी आंकड़ों में बताया गया है कि अप्रैल 2026 में 562.69 करोड़ डॉलर का सोना आयात किया गया जो पिछले साल अप्रैल की तुलना में 81.69 प्रतिशत अधिक है। अप्रैल 2025 में विदेश से 309.70 करोड़ डॉलर का सोना खरीदा गया था। अप्रैल में चांदी का आयात भी 157 प्रतिशत बढ़कर 41.11 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।

सोने-चांदी के आयात में इस वृद्धि का मुख्य कारण अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पिछले एक साल में दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में आया उछाल है। दूसरी तरफ, मूल्य के आधार पर पेट्रोलियम का आयात 10.03 प्रतिशत कम हुआ है। अप्रैल 2026 में देश ने 1,862.60 करोड़ डॉलर का पेट्रोलियम आयात किया। एक साल पहले यह आयात 2,070.15 करोड़ डॉलर का रहा था।

पेट्रोलियम आयात में यह कमी पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति श्रृंखला में बाधा के कारण आयी है। भारत जिन देशों से आयात करता है उनमें शीर्ष पांच देशों में अप्रैल में चीन, रूस और सऊदी अरब से आयात बढ़ा है जबकि अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात से कम हुआ है। चीन से आयात 20.9 प्रतिशत बढ़कर 1,197.2 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया।

रूस दूसरे नंबर पर रहा जिससे अप्रैल में 736.3 करोड़ डॉलर का आयात किया गया। यह एक साल पहले के मुकाबले 18.2 प्रतिशत अधिक है। खास बात यह है कि शीर्ष पांच के देशों में रूस अकेला ऐसा देश है जिससे वित्त वर्ष 2025-26 में आयात में कमी आयी थी। अप्रैल में सऊदी अरब से आयात 30.3 प्रतिशत बढ़कर 384.6 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया और वह भारत को निर्यात करने वाला पांचवां सबसे बड़ा देश रहा।

संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से होने वाले आयात में 34.6 प्रतिशत और अमेरिका से आयात में 4.7 प्रतिशत की गिरावट आयी। अमेरिका 527.4 करोड़ डॉलर और यूएई 407.3 करोड़ डॉलर के साथ भारत के लिए क्रमशः तीसरे और चौथे सबसे बड़े निर्यातक रहे।

 

Next Post

धार्मिक टिप्पणी, युवक की पिटाई करने वालों पर लगे रासुका

Fri May 15 , 2026
जबलपुर। राजधानी भोपाल में विगत दिनों लव जिहाद का आरोप लगाते हुए एक युवक के साथ कथित मारपीट, अपमानजनक व्यवहार और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोपों को लेकर अधिवक्ताओं ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन अपर कलेक्टर ऋषभ जैन को सौंपकर रासुका के तहत कार्रवाई की मांग की। इस […]

You May Like