नई दिल्ली 28 सितंबर (वार्ता) भारतीय तटरक्षक बल ने ओडिशा के पारादीप से करीब 37 समुद्री मील पूर्व-दक्षिण-पूर्व में संकट में फंसे विदेशी रासायनिक टैंकर एमटी सीगल 9 को त्वरित कार्रवाई करते हुए पलटने से बचा लिया है।
टैंकर में पानी भरने से वह खतरनाक तरीके से एक ओर झुक गया था। तटरक्षक बल की टीम ने रिसाव रोककर स्थिति को स्थिर किया।
भारतीय तटरक्षक बल ने सोमवार को बताया कि मध्य अमेरिकी देश बेलीज के झंडे वाले इस जहाज में 9,000 टन पाम ऑयल और चालक दल के 23 सदस्य सवार थे। रविवार सुबह करीब साढे सात बजे मुख्य इंजन खराब होने और बैलास्ट टैंक में तेजी से पानी भरने के बाद जहाज ने मदद के लिए संदेश भेजा।
इसके बाद तटरक्षक बल के जहाज ‘आईसीजीएस विश्वस्त’ को मौके पर भेजा गया। तटरक्षक बल की विशेष क्षति-नियंत्रण टीम ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में जहाज पर पहुंचकर पानी निकालने के लिए पंप और अन्य उपकरण लगाए। टीम ने रिसाव रोकते हुए समुद्र के पानी की दो क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को बंद किया और तीसरी टूटी पाइपलाइन से पानी का रिसाव नियंत्रित किया।
जहाज की सहायता के लिए तटरक्षक बल ने एक प्रदूषण नियंत्रण पोत और एक अतिरिक्त अपतटीय गश्ती पोत भी मौके पर भेजा है। दोनों के जरिए प्रदूषण से निपटने और चौबीसों घंटे स्थिति पर नजर रखने का काम किया जा रहा है।
तटरक्षक बल की टीम और जहाज के चालक दल के बीच समन्वय से एक साथ माल दूसरे जहाज में स्थानांतरित करने और पानी निकालने का काम किया गया। इससे टैंकर स्थिर हो गया और उसके पलटने का खतरा टल गया।
भुवनेश्वर से तटरक्षक बल का डोर्नियर विमान भी हवाई निगरानी के लिए भेजा गया। रविवार को जहाज के पास पाम ऑयल की हल्की परत दिखायी दी थी, लेकिन सोमवार को निगरानी के दौरान वह नहीं दिखी। समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा के लिए प्रदूषण नियंत्रण के उपाय जारी हैं।
पारादीप पोर्ट अथॉरिटी की टग ‘डॉल्फिन’ (एक तरह की नौका) स्थिर किए गए एमटी सीगल 9 को पारादीप के पास लंगर डालने वाले क्षेत्र की ओर खींचकर ले जा रही है। तटरक्षक बल के तकनीकी दल की मदद से जहाज के मुख्य इंजन की मरम्मत चल रही है।
भारतीय तटरक्षक बल के संसाधन मौके पर बने हुए हैं और लगातार निगरानी के साथ जरूरी सहायता दे रहे हैं।
Next Post
सरकारी बंगलों पर कब्जे के मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए आप ने कराया एलपीयू में हमला: सिरसा
Mon Sep 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 सितंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं दिल्ली सरकार के पर्यावरण मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि दिल्ली से गये आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं, पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के सहयोगियों ने पंजाब में सरकारी बंगलों पर कब्जा […]

