
भिंड। शहर में कई लोग गौसेवा करते हैं, लेकिन भिंड के फल मंडी क्षेत्र में रहने वाले युवा कुलदीप तोमर, जिला संयोजक बजरंग दल, अपनी निस्वार्थ और निरंतर सेवा के कारण विशेष पहचान बना चुके हैं।
कुलदीप प्रतिदिन अपने घर के बाहर आधा सैकड़ा से अधिक गायों को नियमित रूप से चारा खिलाते हैं। यही नहीं, शहर में यदि कोई बछड़ा या बछिया घायल अवस्था में दिखाई देती है, तो वे उसे तुरंत अपने निज निवास पर लाकर पूरे मनोयोग से उपचार और सेवा करते हैं। इसी कारण लोग उन्हें बेसहारा गौवंश का पालनहार भी कहते हैं।
*गौसेवा तक ही सीमित नहीं* कुलदीप तोमर अल सुबह सड़कों पर घूमने वाले बेजुबान कुत्तों को दूध व रोटी खिलाते हैं। इसके अलावा हर वर्ष सैकड़ों पक्षियों के लिए जगह-जगह पानी के पात्र भी लगवाते हैं, ताकि गर्मी में उन्हें राहत मिल सके।
गौसेवा के नाम पर जहाँ चारों ओर शोर देखने को मिलता है, वहीं कुलदीप तोमर खामोशी से सेवा का कार्य कर रहे हैं। उनकी इस पहल की हर वर्ग में सराहना हो रही है।
उनकी सेवा भावना से न केवल युवा वर्ग प्रेरणा ले रहा है, बल्कि समाज में गौसेवा के प्रति जागरूकता भी बढ़ रही है। परिणामस्वरूप आज कई युवा निस्वार्थ भाव से गोवंश को चारा डालने और बेजुबान जानवरों की मदद करने आगे आ रहे हैं।
