जबलपुर: संस्कारधानी की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के सार्थक प्रयासों से नगर निगम जबलपुर ने एक सराहनीय मिसाल पेश की है। शहर के जल संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प के साथ, सूरजताल तालाब के जीर्णोद्धार का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। अगले एक माह के भीतर यह तालाब अपने नए और निखरे हुए स्वरूप में नागरिकों के स्वागत के लिए तैयार होगा।
महापौर के अनुसार नगर निगम के इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य तालाब की गहराई बढ़ाना, जलभराव क्षमता में सुधार करना और इसके चारों ओर एक स्वच्छ पारिस्थिति विकसित करना है। वहीं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने कहा कि तालाब के किनारों पर पौधारोपण और आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। नागरिकों के लिए सुविधा क्षेत्रीय निवासियों के लिए स्वच्छ वातावरण में टहलने के जगह की समुचित व्यवस्था विकसित की जा रही है। सूरजताल के इस बदलाव से केवल क्षेत्रीय नागरिक ही नहीं, बल्कि पूरी संस्कारधानी के प्रकृति प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
