किसान और कर्मचारियों को बंधक बनाकर नकदी-जेवर लूटे
इंदौर:चंदन नगर थाना क्षेत्र के नावदा पंथ में रविवार- सोमवार की दरमियानी रात करीब डेढ़ बजे आधा दर्जन से ज्यादा हथियारबंद बदमाशों ने एक फार्म हाउस को निशाना बनाया. लुटेरों ने किसान मोतीलाल वाधवानी और उसके कर्मचारियों को बंधक बनाकर मारपीट की और अलमारी का ताला तोड़कर नकदी, जेवर और मोबाइल ले उड़े. वारदात के दौरान विरोध करने पर कर्मचारियों को चाकू से घायल कर दिया.
किसान ने पुलिस को बताया कि कमरे का दरवाजा हल्का सा अटका हुआ था. तभी अचानक छह लोग टामी, कटर और चाकू लेकर अंदर घुस आए. उन्होंने सोते हुए किसान को जगाकर पैसों और गहनों की मांग की. जब किसान ने इंकार किया तो बदमाशों ने लात-घूंसों और टामी से पीटकर उसे लहूलुहान कर दिया और चाकू गले पर रख जान से मारने की धमकी दी. वारदात के दौरान बदमाशों ने किसान के हाथ-पैर और मुंह कपड़े से बांध दिए. इसके बाद अलमारी की चाबी मांगने लगे.
जब चाबी नहीं मिली तो टामी से ताला तोड़ दिया और उसमें रखे करीब एक लाख रुपए नकद, दो सोने की चेन और तीन मोबाइल फोन निकाल लिए. बरामदे में सो रहे कर्मचारी कमल, रोहित और एक अन्य को भी बाहर खड़े बदमाशों ने काबू कर लिया. उनके हाथ-पैर बांध दिए और गले से चांदी की चेन उतार ली. इस दौरान रोहित के पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया.
घटना के बाद जाते-जाते आरोपी मोबाइल फोन खेत में फेंक गए, ताकि कोई पुलिस को सूचना न दे सके. वारदात की जानकारी मिलते ही चंदन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लूट-पाट का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की संख्या लगभग दर्जनभर बता रही है और बदमाशों की तलाश के लिए इलाके में नाकेबंदी की गई है. मामले में पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं.
