नयी दिल्ली, 11 मई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने घर खरीदारों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी की चल रही जांच में सोमवार को मेसर्स सिक्वल बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया।
मेसर्स सिक्वल बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड लिमिटेड और उसके निदेशकों पर उत्तर प्रदेश के नोएडा में एक आवास परियोजना से संबंधित कथित धोखाधड़ी में आरोप पत्र दायर किया गया है।
सीबीआई द्वारा की गई जांच में यह सामने आया कि भवन निर्माता कंपनी और उनके निदेशकों ने भोलेभाले घर खरीदारों एवं निवेशकों को झूठे भरोसे, झूठी प्रस्तुतियों एवं झूठे वादों के माध्यम से उनके खिलाफ आपराधिक साजिश रही और बेईमानीपूर्वक उनसे धन प्राप्त किया। सक्षम अदालत के सामने सीबीआई ने भारतीय दंड संहिता के आपराधिक साजिश, ठगी एवं विश्वास का उल्लंघन करने वाले प्रावधानों के अंतर्गत आरोप पत्र दायर किया है।
उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार वर्तमान में सीबीआई पूरे देश में 50 मामलों की जांच कर रही है जिसमें विभिन्न भवन निर्माता कंपनियों एवं वित्तिय संस्थानों के अज्ञात अधिकारियों के खिलाख घर खरीदारों से धोखाझड़ी और धन का गलत हस्तानांतरण जैसे मामले शामिल हैं।
इससे पहले सीबीआई ऐसे छह मामलों में आरोप पत्र दाखिल कर चुकी है, जिसमें मेसर्स रुद्र बिल्डवेल कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक, मेसर्स ड्रीम प्रोकॉन प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक, जयपी इंफ्राटेक लिमिटेड और उसके निदेशक, मेसर्स एवीजे डेवलपर्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक, कुछ बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के अधिकारी, मेसर्स सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक और मेसर्स शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड एवं उसके निदेशक शामिल हैं।
