इंदौर: लव जिहाद के लिए फंडिंग करने के मामले में फरार चल रहे अनवर कादरी उर्फ अनवर डकैत की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव बढ़ गया है. बाणगंगा पुलिस अब तक उसे पकड़ने में नाकाम रही है, वहीं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास मिनी गुप्ता की कोर्ट ने साफ निर्देश दिए हैं कि आरोपी को हर हाल में 8 सितंबर तक अदालत में पेश किया जाए.
अनवर कादरी पर जून माह में बाणगंगा थाने में दो गंभीर प्रकरण दर्ज हुए थे. उस पर 40 हजार रुपए का इनाम घोषित है और भगोड़ा घोषित करने के बाद उसकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी भी जारी है.
कोर्ट ने प्रतिवेदन पर सुनवाई करते हुए कहा कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए वारंट तामील नहीं होने दिया, इसलिए अब उसे निर्धारित समयसीमा में उपस्थित होना ही होगा. इस बीच, फरारी में उसकी मदद करने के आरोप में उसकी बेटी आयशा खान भी जेल की सलाखों के पीछे है. उसे एक मामले में जमानत मिली थी, लेकिन एक अन्य दर्ज मामले में उसकी जमानत याचिका खारिज कर दी गई. लिहाजा फिलहाल वह जेल में ही बंद है.
