
मां नर्मदा के पूजन-अर्चन के भेंट की गई चुनरी
जबलपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण में देश में सफाई के नाम पर 5वां रैंक और 7 स्टार रेटिंग मिलने का जश्न शुक्रवार को पूरे शहर में दिखाई दिया। पहले से ही तय कार्यक्रम के अनुसार स्वच्छता महोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारियां 1 अगस्त के एक दिन पहले ही रात में कर लीं गईं थी जिसका नतीजा यह हुआ कि शहर के अधिकांश मुख्य इलाके आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की रोशनी से जगमग रहे। स्वच्छता महोत्सव के दिन महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमायुक्त प्रीति यादव के साथ नगर निगम जबलपुर की पूरी टीम सक्रिय रही तो वहीं दूसरी तरफ इनके द्वारा शहरवासियों को स्वच्छता की आदत विकसित करने संकल्प भी दिलाया गया।
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, नगर निगम अध्यक्ष रिंकू विज, एमआईसी सदस्य विवेक राम सोनकर, रजनी साहू, सुभाष तिवारी, अंशुल राघवेंद्र यादव शुक्रवार सुबह होते ही गौरीघाट स्थित नर्मदा तट पहुंचे जहां इन्होंने देश में मिली इतनी बड़ी सफलता के लिए नर्मदा पूजन अर्चन किया और फिर मां नर्मदा को लाल रंग की चुनरी भेंट की। इस दौरान महापौर ने कहा कि मां नर्मदा शहर की जीवन रेखा हैं और उनके आशीर्वाद के बिना शहर विकास संभव नहीं है।
*हजारों लोग बने साक्षी*
स्वच्छता महोत्सव का आगाज शुक्रवार सुबह 7.15 बजे एमएलबी स्कूल से शुरु किया गया जिसके बाद स्टेमफील्ड स्कूल विजय नगर, ग्वारीघाट, भंवरताल, मेडिकल कॉलेज, होटल कल्चुरी, रानीदुर्गावती, हाईकोर्ट संघ, पुराना आरटीओ सिविल लाइन में स्वच्छता को लेकर गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किए गए। जानकारी के अनुसार महोत्सव का समापनल एकता चौक विजय नगर में शुक्रवार शाम 7 बजे किया जाएगा। जिस दौरान हजारों लोग स्वच्छता महोत्सव के जश्न के साक्षी बनेंगे।
*आकर्षक रंगोलियों ने मोहा मन*
स्वच्छता महोत्सव के दिन शहर में अलग-अलग जगह रंगोली बनाकर स्वच्छता का संदेश दिया गया तो वहीं महापौर व जनप्रतिनिधियों द्वारा भंवरताल के पास झाडू लगाकर स्वच्छता के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। महापौर का कहना है कि इस वर्ष हम पांचवी रैंक पर हैं यह अंतिम पड़ाव वहीं है हमें इससे अभी आगे जाकर जबलपुर नगर निगम को नंबर 1 पर लाना है। जिसमें सभी का सहयोग बहुत जरूरी है।
*व्यापारियों ने लिया बढ़चढ़कर हिस्सा*
स्वच्छता महोत्सव के जश्न को यादगार, ऐतिहासिक बनाने में शहर के व्यापारियों ने भी बढ़चढ़कर हिस्सा लिया जिसका नतीजा था कि बड़ा फुहारा, सराफा सहित शहर के प्रमुख बाजारों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। वहीं स्वच्छता में अच्छा प्रदर्शन करने की खुशी का इजहार बड़े-बड़े प्रतिष्ठान के व्यापारियों ने ग्राहकों को छूट देकर किया।
