
सीधी। जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-39 पर शनिवार अलसुबह पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो वाहन से 25 पेटी बियर जब्त की है। कार्रवाई तड़के करीब 3:30 बजे की गई, जब जमोड़ी थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बोलेरो वाहन में अवैध रूप से भारी मात्रा में शराब परिवहन की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने मय पुलिस स्टाफ के साथ हाईवे पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। पुलिस जांच के दौरान बोलेरो क्रमांक एमपी 18 टी 5550 से 25 पेटी स्टॉक बियर बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा लगभग 195 लीटर बताई जा रही है। वाहन चालक की पहचान अवनीश सिंह के रूप में हुई, जिसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बोलेरो वाहन सहित पूरी शराब खेप को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह शराब कोतवाली क्षेत्र से रामपुर नैकिन की ओर ले जाई जा रही थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस अवैध शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। मामले में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी दिव्यप्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन और कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
