मुरैना, 24 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुरैना के एक निजी अस्पताल में आज एक मरीज की हाथ के आपरेशन के दौरान मौत हो गयी। परिजनों द्वारा मौत के बाद अस्पताल में जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया तथा चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को शांत किया। पुलिस मृत्यु के कारणों की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार कल भी मुरैना के एक निजी नर्सिंग होम में एक महिला जमुना प्रजापति की प्रसव के दौरान मौत हो जाने के बाद परिजनों की रिपोर्ट पर पुलिस मर्ग पर से जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्राम रामपहाडी निवासी गिर्राज रावत का दो दिन पूर्व एक दुर्घटना में हाथ में फ्रैक्चर हो गया था और परिजनों ने उसे उपचार के लिए बाल निकेतन रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज दोपहर गिर्राज के हाथ का आपरेशन करने के लिए चिकित्सक आपरेशन रूम में ले गए, लेकिन ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मृतक के परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

