नयी दिल्ली, 9 जून (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने मोदी सरकार के अब तक के काल खंड को ‘विश्वास, विकास और जनकल्याण ‘ का दौर बताते हुए मंगलवार को कहा कि इस दौरान राष्ट्र निराशा से उबर कर ‘विकसित भारत’ की राह पर अग्रसर हुआ है और विश्व में देश की प्रतिष्ठा बढी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र की सत्ता में 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यहां विशेष रूप से आयोजित ‘मीडिया संवाद’ कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों पर श्री नवीन ने एक प्रस्तुति दी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 से पहले देश में अनिश्चितता और निराशा का माहौल था और चारों तरफ भ्रष्टाचार की चर्चा थी। देश का नेतृत्व उस समय कमजोर था और उसमें भटकाव की स्थिति थी । श्री मोदी ने जनता को विश्वास दिया और उनके नेतृत्व में सुशासन से आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।
कार्यक्रम में भाजपा के दो पूर्व अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और अमित शाह के अलावा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, धर्मेंद्र प्रधान तथा अश्विनी वैष्णव और भाजपा के कुछ राष्ट्रीय पदाधिकारी उपस्थित थे। भाजपा अध्यक्ष ने मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार के आने से पहले सरकार में बैठे लोगों के लिए ‘ सत्ता का उद्येश्य अपनी सत्ता बरकार रखना मात्र बन गया था, मोदी ने राष्ट्र प्रथम की सोच पैदा की और पूरे देश को उससे जोड़ा।’
उन्होंने कहा कि दुनिया में अमेरिका , चीन और किसी भी विकसित हुए देश को देखें तो वहां के लोगों ने -एक सपना लेकर तरक्की की। मोदी के नेतृत्व में भारत ‘ सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास ‘ के मूल मंत्र के साथ 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनने के सपने के साथ आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने 140 करोड़ की आबादी, और पूरे संगठन को इस सपने के साथ जोड़ा है। विकसित भारत आज सामूहिक संकल्प बन चुका है , सरकार इसी संकल्प के साथ चल रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने 2014 से पहले बुनियादी ढांचे और आम जन के लिए मूलभूत सुविधाओं के अभाव की याद दिलाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सुविधाओं का विकास आम जन के स्तर से सुधारने का कार्य शुरू किया। इसी संदर्भ में उन्होंने गरीबों को मुफ्त गैस कनेक्शन की उज्ज्वला योजना, हर घर में शौचालय और नल से पेयजल की सुविधा, गरीबों को पक्के मकान, 5 लाख तक के मुफ्त इलाज के लिए आयुष्मान कार्ड , मुफ्त राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया । उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी के गर्त से उबारा गया है।
श्री नवीन ने अयोध्या में भव्य राममंदिर के निर्माण , महाकाल और काशी विश्वनाथ धाम के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश अपनी विरासत पर गर्व करते हुए विकास की राह पर बढ़ रहा है। गुलामी और औपनिवेशिक सत्ता के बहुत से चिह्न हटाये गये हैं। ‘नमस्ते’ शब्द आज वैश्विक कूटनीति की भाषा में शामिल हो गया है। योग और गंगा आरती की दुनिया में पहचान बनी है। सरकार ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत के ‘ भाव से आगे बढ़ रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अनुच्छेद 370 को हटा कर मोदी सरकार ने जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के -एक विधान, एक निशान, एक प्रधान’ के संकल्प को साकार किया। आतंकवाद की चुनौतियों का करारा जवाब दिया है और नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने के संकल्प को इस साल पूरा कर लिया गया है। सरकार ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास के जरिए लोगों को मुख्यधारा में लाने का बीड़ा उठाया है। ‘वायब्रैंट विलेज’ योजना का जिक्र करते हुए श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सीमा पर बसे गावों को देश के ‘प्रथम ग्राम’ की संज्ञा दी है जो कि पहले अंतिम गांव माने जाते थे।
उन्होंने 2012 की अपनी तवांग (अरुणाचल प्रदेश) यात्रा का जिक्र करते हुए वहां भारत के इलाके में सड़कों के अभाव और चीन के क्षेत्र में विकसित सड़क संपर्क सुविधा के अनुभवों को याद किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें उस समय बताया गया कि ऐसा इस डर के चलते है कि सड़क के विकास से चीन के सैनिकों के भारत-क्षेत्र में घुस कर तेजी से आगे बढने का खतरा है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज सीमावर्ती क्षेत्रों में पक्की सड़कों का विकास तेजी से हुआ है, भारत ने अपनी सीमाओं की रक्षा व्यवस्था मजबूत की है। देश आज आंख उठाने वाले देशों के साथ आंख में आंख डाल कर बात करता है और अपने सैनिकों का आत्मसम्मान नीचे नहीं होने देता।
उन्होंने अपनी प्रस्तुति में महिलाओं के नेतृत्व में विकास, खेल, विनिर्माण, निर्यात कारोबार, स्टार्टअप और स्व-रोजगार को बढ़ा देने सहित मोदी सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी पहलों के चलते हुए परिवर्तन का उल्लेख किया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘ आने वाला समय संकल्पों को आगे ले जाने का है। श्री मोदी के नेतृत्व में देश विकसित और स्वावलंबी बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।’
कार्यक्रम का आरंभ वंदे मातरम्… और जनगण मन… के गायन के साथ हुआ। भाजपा अध्यक्ष के संबोधन के बाद ‘विश्वास, विकास, जन-कल्याण’ शीर्षक से एक लघु फिल्म प्रस्तुत की गयी जिसमें मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में सामाजिक आर्थिक और तकनीकी प्रगति की झांकियां दर्शायी गयी थीं।
