नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) कांग्रेस ने राज्यसभा के लिए पार्टी उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को खारिज किए जाने को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की साजिश बताते हुए कहा है कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया को गुप्त तरीके से नष्ट करने का प्रयास है।
कांग्रेस महासचिव के सी वेणुगोपाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि श्रीमती नटराजन के नामांकन में किसी तरह की त्रुटि अथवा जानकारी छिपाने का आरोप पूरी तरह निराधार है और यह कांग्रेस से एक सीट छीनने की हताश कोशिश है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब भाजपा को यह एहसास हो गया कि कांग्रेस के विधायकों को प्रभावित करने की उसकी कोशिशें सफल नहीं होंगी, तब उसने इतना नीचे गिरकर नामांकन ही खारिज करा दिया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि यह भाजपा की संविधान और लोकतंत्र के प्रति खोखली प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनका आरोप था कि भाजपा हर स्तर पर किसी न किसी तरीके से ‘वोट चोरी’ करने पर आमादा है।
उन्होंने कहा, “हम लोकतंत्र की इस खुली लूट को चुपचाप स्वीकार नहीं करेंगे और इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई के साथ-साथ सड़कों पर भी पूरी ताकत से संघर्ष करेंगे।”
