इंदौर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को डीआरपी लाइन में पुलिसकर्मियों और नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों ने खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया. कार्यक्रम में 550 से अधिक पुलिस अधिकारी कर्मचारियों ने शपथ ली.इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध/मुख्यालय) आरके सिंह और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजेश दंडोतिया सहित पुलिस अधिकारी और नगर सुरक्षा समिति के सदस्य मौजूद रहे.
शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और अपने परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगे. इस दौरान एसीपी आरके सिंह ने कहा कि नशे का असर केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है. उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ साथ लोगों में जागरूकता और सामाजिक भागीदारी भी जरूरी है. कार्यक्रम के बाद पुलिसकर्मियों और नगर सुरक्षा समिति सदस्यों ने जागरूकता रैली निकाली. रैली के माध्यम से लोगों को नशे से दूरी बनाए रखने और नशामुक्त समाज बनाने का संदेश दिया
