
इंदौर। विजय नगर क्षेत्र में ऑर्बिट मॉल के पास देर रात हुई मारपीट की घटना ने हत्या का रूप ले लिया. बीयर की बोतल से सिर पर किए गए जानलेवा हमले में घायल युवक गोलू चंद्रवंशी की इलाज के दौरान मौत हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए विजय नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी अज्ञात आरोपियों को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया.
थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल ने बताया कि 10 फरवरी की रात करीब 11 बजे ऑर्बिट मॉल के पास गोलू चंद्रवंशी और चार युवकों के बीच मामूली बात पर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि एक-दूसरे से कंधा टकराने को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इसी दौरान आरोपियों ने बीयर की बोतल से गोलू पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, डीसीपी जोन-2 कुमार प्रतीक, एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह और एसीपी पराग सैनी के निर्देशन में थाना प्रभारी व उनकी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर घेराबंदी करते हुए उन्हें दबोच लिया. गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी भागते हुए नाले में कूद गए, जिससे उन्हें चोटें आईं, जिसका उपचार भी कराया है. पूछताछ में चारों ने मामूली विवाद के बाद बीयर की बोतल से हमला करना स्वीकार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों में अखिलेश वासरे उम्र 22 साल निवासी प्रकाशचंद्र सेठी नगर, अमोघ एम. रैदास उम्र 21 वर्ष निवासी विराट नगर मूसाखेड़ी, आकाश कदम उम्र 31 निवासी प्रकाशचंद्र सेठी नगर और वरुण श्रीवास उम्र 21 निवासी मयूर नगर मूसाखेड़ी शामिल हैं.
