आक्रोशित हाथी ने दो युवकों को कर दिया घायल

छिंदवाड़ा. चौरई से गुरैया मार्ग पर गुरुवार को हाथी का आशीर्वाद लेना दो युवकों को भारी पड़ गया। हाथी के अचानक उग्र होने से दो युवक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल चौरई अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कहार पिता संतोष कहार, कोठे यादव और उनका एक साथी बाइक से चौरई से गुरैया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अमरकंटक से उज्जैन महाकालेश्वर धाम की यात्रा पर निकले हाथी और उसके साथ चल रहे बाबा के दल से उनकी मुलाकात हुई। हाथी के पास पहुंचते ही वह अचानक आक्रोशित हो गया और उसने हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि शिकायत पर पुलिस ने बीएनएव की धारा 249 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटना के बाद हाथी के साथ चल रहे दल के सदस्य राजू बासनिक और गणेश वासुदेव ने बताया कि उन्होंने युवकों को हाथी से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी थी। उनका कहना है कि एक युवक हाथी को बिस्किट खिलाने और दूसरा उसकी सूंड पकडऩे की कोशिश करने लगा, जिसके बाद हाथी भड़क गया। सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि अस्पताल में उपचार करा रहे पीडि़तों ने भी स्पष्ट कहा कि हाथी के साथ चल रहे लोगों की कोई गलती नहीं है। उनके अनुसार यह एक अचानक हुई दुर्घटना थी और हाथी के साथ चल रहे दल ने घटना के बाद घायलों की मदद भी की। फिलहाल दोनों घायलों का चौरई अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। यह हादसा एक बार फिर यह संदेश देता है कि हाथी जैसे विशाल वन्यजीव के अत्यधिक करीब जाने या उसे छूने का प्रयास करना जानलेवा साबित हो सकता है।

Next Post

फांसी के फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव

Thu Jul 2 , 2026
छिंदवाड़ा। कुंडीपुरा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है। बताया जा रहा है कि तीन महीने पहले की महिला का विवाह हुआ था। यह महिला नेपाल की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों बैंगलोर […]

You May Like