
नयी दिल्ली, 24 जनवरी (वार्ता ) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य की जनता को बधाई दी और कहा कि बीते नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने ‘बीमारू’ श्रेणी से बाहर निकलकर ‘बेमिसाल’ प्रदेश बनने का गौरवपूर्ण सफर तय किया है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच पर जारी अपने संदेश में कहा कि भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में उत्तर प्रदेश का अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने लिखा, “भारतीय संस्कृति और विरासत की समृद्धि में अमूल्य योगदान देने वाले उत्तर प्रदेश के अपने सभी परिवारजनों को राज्य के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत बधाई। डबल इंजन सरकार और विकास को समर्पित यहां के लोगों की सहभागिता से हमारे इस राज्य ने बीते नौ वर्षों में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बनने का सफर तय किया है। ”
उन्होंने विश्वास जताया कि देश की प्रगति में उत्तर प्रदेश का बहुत योगदान रहने वाला है। उन्होंने लिखा, “मेरा दृढ़ विश्वास है कि देश की प्रगति को गतिशील बनाए रखने में उत्तर प्रदेश का सामर्थ्य बहुत काम आने वाला है।”
