अलमाटी (कजाकिस्तान) 02 मई (वार्ता) ओलंपियन अनंतजीत सिंह नारुका, रायज़ा ढिल्लों और मैराज अहमद खान की अगुवाई में 20 सदस्यीय भारतीय निशानेबाजी टीम रविवार से कजाकिस्तान में होने वाली आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेगा। अल्माटी शूटिंग मीट इस साल के चार आईएसएसएफ शॉटगन वर्ल्ड कप में से दूसरा है और इसमें 42 देशों की ओलंपिक कमेटियों के 284 निशानेबाज हिस्सा लेंगे। भारत मोरक्को के टैंजियर में शुरुआती लेग में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद इस प्रतियोगिता में उतर रहा है।
अल्माटी में 20 सदस्यों वाली भारतीय टीम, जिसमें से आठ रैंकिंग पॉइंट्स ओनली (आरपीओ) के लिए मुकाबला करेंगे, में मोरक्को में मुकाबला करने वाली टीम से कुछ बदलाव हैं। नारुका, जो पेरिस 2024 में मिक्स्ड स्कीट में ओलंपिक मेडल से बहुत कम अंतर से चूक गए थे, सेटअप में वापस आ गए हैं।
मौजूदा एशियन चैंपियन, अनंतजीत सिंह नारुका ने टैंजियर लेग छोड़ दिया और दो बार के ओलंपियन मैराज अहमद खान के साथ पुरुषों की स्कीट चुनौती का नेतृत्व करने के लिए वापस आ गए हैं। पेरिस 2024 ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली राइज़ा ढिल्लों महिलाओं की स्कीट फील्ड में मुख्य भूमिका में हैं। विवान कपूर पुरुषों की ट्रैप में भारत की चुनौती का नेतृत्व करेंगे। अल्माटी में व्यक्तिगत स्पर्धा के विजेता दिसंबर में इटली के रोम में होने वाले आईएसएसएफ वर्ल्ड कप फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगे।

