मऊगंज: हादसा कर भाग रहे तस्करों ने चलती गाड़ी से फेंकी गांजे की खेप, 26 पैकेट बरामद; बच्ची व युवती घायल…

मऊगंज जिले के हनुमाना थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रतापगंज बस स्टैंड पर सोमवार की रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है।

यहाँ एक अज्ञात वाहन की ठोकर से एक बच्ची और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद जब स्थानीय ग्रामीणों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तो गाड़ी में सवार तस्कर पकड़े जाने के डर से चलती गाड़ी से गांजे से भरी एक बोरी सड़क पर फेंककर फरार हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन प्रतापगंज बस स्टैंड के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन ने लापरवाहीपूर्वक एक बच्ची और एक युवती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और गाड़ी को घेरने की कोशिश की। खुद को घिरता देख वाहन में सवार अज्ञात तस्करों ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई और उसमें लोड गांजे की एक बड़ी बोरी को चलती गाड़ी से बाहर फेंक दिया। बोरी की जांच करने पर उसके अंदर गांजे के कुल 26 पैकेट बरामद हुए।

इंधर घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने हनुमाना थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सबसे पहले घायल बच्ची और युवती को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। इसके साथ ही पुलिस ने सड़क पर फेंकी गई गांजे की खेप को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में पुलिस यह मानकर चल रही है कि अज्ञात तस्कर गांजे की यह बड़ी खेप किसी ठिकाने पर डिलीवरी करने के लिए ले जा रहे थे। रास्ते में सड़क दुर्घटना हो जाने और ग्रामीणों द्वारा घेरे जाने के कारण उन्हें पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसी घबराहट में वे सबूत मिटाने और गाड़ी हल्की करने के उद्देश्य से माल फेंककर भाग निकले। फिलहाल हनुमाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन व उसमें सवार तस्करों की तलाश में जुट गई है।

.....

Next Post

बड़ी बिल्लियों का संरक्षण जलवायु परिवर्तन के शमन में अहम : भूपेंद्र यादव

Tue Nov 17 , 2026
नयी दिल्ली, 17 नवंबर (वार्ता) पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने मंगलवार को कहा कि बाघों समेत बड़ी बिल्लियों का संरक्षण जलवायु परिवर्तन के शमन, प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र की सुरक्षा और सामुदायिक आजीविका को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। श्री यादव ने आज तुर्की के […]

You May Like