नयी दिल्ली 26 फरवरी (वार्ता) दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली के लोगों के स्वास्थ्य और सुरक्षा उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और खाने में मिलावट को लेकर सरकार की नीति ज़ीरो टॉलरेंस की है।
डॉक्टर सिंह ने आज अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह मिलावटी वस्तुओं की जाँच सिर्फ ऑर्गनाइज़्ड मंडियों तक ही सीमित नहीं रखें। उन्होंने खास तौर पर विभाग को घनी आबादी वाले इलाकों में अच्छी तरह से निरीक्षण करने का निर्देश दिया हैं, जहां स्थानीय स्तर पर खोया और पनीर तैयार किया जाता है और स्थानीय स्तर पर आपूर्ति की जाती है। रेजिडेंशियल क्लस्टर में चल रही प्रोडक्शन यूनिट्स पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
उन्होंने दिल्ली के बॉर्डर और आस-पास के इलाकों में कड़ी निगरानी करने का निर्देश दिया है, जहां से पनीर और खोया राजधानी दिल्ली में लाया जाता है। दिल्ली में मिलावटी खाने की चीज़ों की नियमित जांच करने के लिए दिल्ली के सभी एंट्री पॉइंट्स पर भी सघन निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा ” मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में राजधानी दिल्ली के लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी सरकर की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। खाने में मिलावट को लेकर हमारी सरकार की नीति ज़ीरो टॉलरेंस की है। हमारी टीमें मार्केट, प्रोडक्शन यूनिट और बॉर्डर एंट्री पॉइंट पर एक्टिवली इंस्पेक्शन कर रही हैं, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि लोगों तक सिर्फ़ सुरक्षित और गुणवत्ता वाले उत्पाद ही पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन और होली से पहले दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग राजधानी दिल्ली में सघन एनफोर्समेंट ड्राइव चला रही है ताकि मिलावट पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
