
नीमच। मालवा – मेवाड़ के कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में शुक्रवार से मासिक मेले की शुरुआत हो गई। मेले के पहले दिन भगवान सांवलियाजी का भंडार खोला गया, जिसमें पहले दिन ही 11 करोड़ 30 लाख रुपए की गिनती की गई। यह राशि बैंकों में जमा कराई गई है।
राजभोग आरती के बाद श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच मंदिर मंडल की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रभा गौतम, मंदिर मंडल के सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिव शंकर पारीक की मौजूदगी में कड़ी सुरक्षा के बीच भंडार खोला गया। भंडार खुलते ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरे माहौल में भक्ति का रंग देखने को मिला।
नोटों की गिनती के साथ सोना-चांदी की छंटनी भी शुरू
भंडार खुलने के बाद मंदिर प्रशासन की ओर से नकदी की गिनती शुरू की गई। पहले दिन करोड़ों रुपए की गणना पूरी होने के बाद रकम को अलग-अलग बैंकों में जमा कराया गया। इसके साथ ही नोटों के बीच आए सोना और चांदी को अलग करने का काम भी किया गया।
हालांकि अभी नोटों और चिल्लर की पूरी गिनती बाकी है। मंदिर प्रशासन के अनुसार भंडार से निकले सोना और चांदी का वजन भी अभी किया जाना बाकी है। इसके अलावा मंदिर कार्यालय और भेंट कक्ष में श्रद्धालुओं द्वारा नकद, मनीऑर्डर और अन्य माध्यमों से दी गई भेंट की गिनती और रिकॉर्ड तैयार करने का काम भी जारी है। पूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद कुल राशि और सोना-चांदी का अंतिम आंकड़ा सामने आएगा।
देशभर से पहुंचते हैं श्रद्धालु, मेले में बढ़ी रौनक
सांवलियाजी मंदिर में हर महीने भंडार खोला जाता है और इसमें बड़ी मात्रा में नकदी और कीमती भेंट निकलती है। भगवान सांवलियाजी में लोगों की गहरी आस्था है और राजस्थान सहित देश के कई राज्यों से श्रद्धालु यहां दर्शन करने आते हैं।
मासिक मेले के दौरान मंदिर में भक्तों की संख्या कई गुना बढ़ रही है। इसी को देखते हुए मंदिर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
