
नर्मदापुरम। रसूलिया क्षेत्र में गीता भवन के पास एक महिला टीचर से झपट्टा मारकर बैग छीनने की घटना सामने आई है. वारदात शुक्रवार दोपहर करीब 3:35 बजे की बताई जा रही है. बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाश महिला के पास पहुंचे और चलते वाहन से उनका बैग छीनकर फरार हो गए.
पीड़िता अनीता पति राजेश 46, निवासी सांई हेवन सिटी डबल फाटक, मार्केट से अपने घर लौट रही थीं. इसी दौरान पीछे से आए बदमाशों ने महिला को धक्का देते हुए उनके कंधे से बैग झपट लिया. महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी तेज रफ्तार बाइक से ब्रिज की ओर भाग निकले.
बताया गया है कि बैग में करीब 3 हजार रुपए नकद और सैमसंग कंपनी का मोबाइल फोन रखा हुआ था. घटना के बाद महिला ने देहात थाना में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. रसूलिया और ब्रिज क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी दिखाई दिए हैं.
देहात थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
