
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल की उपस्थिति में शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय परिसर में नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया और सोशल मीडिया विभाग के प्रभारी शिवराज सिंह डाबी ने महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, संभाग प्रभारी अभय यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया विभाग पार्टी की विचारधारा, संगठन की गतिविधियों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, आयुष्मान भारत और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है, वहीं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार भी जनहित और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
खण्डेलवाल ने कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया विभाग बेहतर समन्वय के साथ सरकार की उपलब्धियों और संगठन के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से निष्ठा, समर्पण और परिश्रम के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने पूर्व प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय सह मीडिया संयोजक और बाद में राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाए जाने को मध्यप्रदेश भाजपा के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। खण्डेलवाल ने कहा कि इस बार प्रदेश को केंद्रीय संगठन में आठ पदाधिकारियों का प्रतिनिधित्व मिला है, जो संगठन की मजबूत कार्यशैली का प्रमाण है।
नवनियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी बृजगोपाल लोया ने कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है और सामान्य कार्यकर्ता को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की परंपरा पार्टी की विशेषता है। उन्होंने कहा कि आशीष उषा अग्रवाल के नेतृत्व में मीडिया विभाग ने नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और अब पूरी टीम के सहयोग से उन उपलब्धियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
लोया ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार “विकास भी और विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। मीडिया विभाग सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और संगठन की विचारधारा को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रवक्ता, पैनलिस्ट और मीडिया विभाग के सदस्य भी उपस्थित रहे।
