वाशिंगटन, 25 सितंबर (वार्ता) अमेरिकी रक्षा मंत्रालय (पेंटागन) के वरिष्ठ अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2027 के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा प्रस्तावित रिकॉर्ड 1.15 ट्रिलियन डॉलर के रक्षा बजट को कांग्रेस से मंजूरी दिलाने की कोशिशें तेज कर दी हैं। कुछ रिपब्लिकन सीनेटरों का हालांकि कहना है कि प्रशासन ने आवश्यक समर्थन जुटाने के लिए बहुत देर से संपर्क साधना शुरू किया है।
पेंटागन ने हाल के हफ्तों में कानूनविदों के साथ कई गोपनीय ब्रीफिंग आयोजित की हैं, जिनमें अपनी प्राथमिकताओं और बजटीय आवश्यकताओं को बताया गया है। साउथ डकोटा से रिपब्लिकन सीनेटर माइक राउंड्स ने उच्च स्तरीय जानकारी देने के लिए अधिकारियों की सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि प्रशासन पहले सीनेट में प्रमुख विधेयकों को पारित कराने के लिए आवश्यक 60 मतों के बहुमत के आंकड़े को ध्यान में रखने में विफल रहा था।
नौसेना के पूर्व सील और मोंटाना से रिपब्लिकन सीनेटर टिम शीही ने भी गोपनीय ब्रीफिंग को सकारात्मक बताया। उन्होंने कहा कि पेंटागन अधिकारियों ने ईरान के साथ चल रहे युद्ध को लेकर आशंकित डेमोक्रेट सांसदों को ध्यान में रखकर यह प्रस्तुति तैयार की थी। हालांकि, शीही ने माना कि ऐसा संपर्क सात-आठ महीने पहले ही शुरू कर दिया जाना चाहिए था, ताकि एक मजबूत गठबंधन बनाया जा सकता।
नौसेना के पूर्व पायलट और एरिजोना से डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क केली ने कहा कि सीमित समय के कारण पेंटागन को केवल अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं पर ध्यान केंद्रित करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने कहा कि रक्षा बजट अब उनके शुरुआती कार्यकाल की तुलना में दोगुना हो चुका है और 1.45 ट्रिलियन डॉलर के साथ अतिरिक्त पूरक राशि मांगना एक असाधारण धनराशि है।
प्रशासन ने जून में 87 बिलियन डॉलर के एक पूरक पैकेज का अनुरोध किया था, जिसमें ईरान युद्ध के दौरान उपयोग किए गए गोला-बारूद की भरपाई के लिए पेंटागन के लिए 67 बिलियन डॉलर शामिल हैं। वहीं, सीनेट में गतिरोध के बीच रिपब्लिकन सदस्य इसे बजट सुलह प्रक्रिया के जरिए पारित कराने पर भी विचार कर रहे हैं।
दूसरी ओर, कनेक्टिकट से डेमोक्रेटिक सीनेटर रिचर्ड ब्लूमेंटल ने पेंटागन के तर्कों को अस्पष्ट बताते हुए ईरान युद्ध की वास्तविक लागत छिपाने का आरोप लगाया है और वित्तीय पारदर्शिता की मांग दोहराई है।
