
राजगढ़। रामगंज मंडी-भोपाल रेल लाइन का कार्य व्यापक स्तर पर जारी है, इसी बीच गुरुवार को पहली बार राजगढ़ नगर की सीमा में ट्रेक पर मालगाड़ी दौड़ती आयी. मालगाड़ी द्वारा यहां चल रहे रेल लाइन निर्माण कार्य का सामान लाया गया. राजगढ़ के नवनिर्मित रेलवे स्टेशन से कुछ ही दूरी तक मालगाड़ी पहुंचने से काफी उत्साह देखा गया.
गौरतलब है कि रामगंज मंडी-भोपाल रेल लाईन का कार्य जोरों से चल रहा है. गुरुवार को उस समय उत्साहित वातावरण बन गया जब दोपहर करीब 1.30 बजे एक मालगाड़ी नगर की हेडगवार कॉलोनी पाटन रोड के समीप स्टेशन से करीब 400 मीटर की दूरी तक आ पहुंची. रेल पटरी व अन्य निर्माण सामग्री लेकर हॉर्न बजाती हुई खुजनेर रोड पर राजगढ़ की सीमा में प्रवेश कर गई. इसके पूर्व खिलचीपुर और राजगढ़ के बीच मनोहरपुरा के फूलखेड़ी तक मालगाड़ी आयी थी.
इस माह के अंतिम पड़ाव में हो सकता है ट्रॉयल रन
करीब छ: माह पूर्व घाटोली से खिलचीपुर तक ट्रॉयल रन करते हुए ट्रेन को लाया गया था. विश्वसनीय सूत्रो के अनुसार इसी फरवरी माह के अंतिम दिनों में राजगढ़ तक ट्रेन का ट्रॉयल रन प्रस्तावित है. वर्तमान में पटरी बिछाने, विद्युतीकरण आदि का कार्य जारी है.
गौरतलब है कि रामगंज मंडी-भोपाल रेल लाईन को लेकर आमजन में काफी उत्सुकता है. उसी अनुरुप रेल लाईन का कार्य भी व्यापक स्तर पर चल रहा है. रामगंज मंडी -भोपाल रेल लाईन के चालू होने से आवागमन को लेकर काफी सुविधा आमजन को होगी. क्षेत्र के भोपाल, राजस्थान से सीधे रेल सुविधा से जुडऩे पर व्यापारिक, शैक्षणिक दृष्टि से भी यह काफी सुविधाजनक होगा
